यूपी में सातवें फेज की 13 सीटों पर शनिवार को 55.60% वोटिंग हुई। वोटिंग 2019 से 4.39% कम हुई। तब 58.41% वोट पड़े थे। 2014 में 56.36% वोटिंग हुई थी। तब मोदी लहर थी।
2024 में सबसे ज्यादा चंदौली में 60.34% और सबसे कम सलेमपुर में 51.25% वोटिंग हुई। वाराणसी में 56.35% मतदान हुए। जो 2019 में 57.13% और 2014 में 58.35% से कम रहा।
यूपी में पहले फेज की 8 सीटों पर 61.11% वोटिंग हुई थी, ये 2019 की तुलना में 8% कम थी। दूसरे फेज में 8 सीटों पर 9% कम यानी 55.19% वोटिंग हुई। तीसरे फेज में 57.34% वोटिंग हुई, जो करीब 3.92% कम थी।
चौथे फेज की वोटिंग 58.09% रही। पांचवें फेज में 0.89% कम वोटिंग हुई। कुल वोट 57.79% पड़े। छठवें फेज में 54.02% वोटिंग हुई। सातवें फेज में 55.60% वोट पड़ा।
अफजाल अंसारी का आरोप- एकतरफा वोट डाले जा रहे
गाजीपुर से सांसद और सपा प्रत्याशी अफजाल अंसारी ने चुनाव आयोग से वोटर्स को बूथ से भगाने का आरोप लगाया है। अफजाल ने कहा- बूथ संख्या 201 कमपोजिट स्कूल मूर्तजीपुर पर दबंगों ने मतदाताओं को डरा धमकाकर भगा दिया गया है। एकतरफा वोट डाले जा रहे हैं।
सपा ने 7 घंटे में 80 से ज्यादा शिकायतें की
सपा ने चुनाव आयोग से 7 घंटे में 80 से ज्यादा शिकायतें की हैं। ज्यादातर शिकायतें EVM से जुड़ी हुई हैं। गाजीपुर में गर्मी से दरोगा समेत 3 पुलिसकर्मी बेहोश हो गए। तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वहीं, बलिया में वोट देने पहुंचे एक बुजुर्ग की पोलिंग बूथ पर मौत हो गई। वह मतदान करने के लिए लाइन में लगा था, तभी वह बेहोश होकर गिर पड़ा। थोड़ी देर में उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों का कहना है कि बुजुर्ग की मौत गर्मी की वजह से हुई।
अनुप्रिया बोलीं- इंडी गठबंधन ताश के पत्तों की तरह बिखर जाएगा
मिर्जापुर में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने मतदान करने के बाद कहा- इंडी गठबंधन ताश के पत्तों की तरह बिखर जाएगा।
यूपी में महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बांसगांव, घोसी, सलेमपुर, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर और राबर्ट्सगंज में वोटिंग हुई।
7वें फेज में 144 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 134 पुरुष और 10 महिला कैंडिडेट हैं। 2.50 करोड़ वोटर्स इनकी किस्मत का फैसला करेंगे।
हाई प्रोफाइल सीटों की बात करें तो वाराणसी से PM मोदी के अलावा चंदौली से केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, मिर्जापुर से केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और महराजगंज से केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी किस्मत आजमा रहे हैं।
वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर बलिया से, माफिया मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी गाजीपुर से, भोजपुरी अभिनेता रवि किशन और अभिनेत्री काजल निषाद गोरखपुर से चुनाव लड़ रही हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
