दुल्हन ने पालतू कुत्ते की पिटाई पर तोड़ दी थी शादी, मामले में आया नया मोड़; खुद दूल्हे के घर पहुंची

Spread the love

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खागा थाना क्षेत्र की इस घटना की इलाके में खूब चर्चा हो रही है। यहां पालतू कुत्ते को पीटे जाने को लेकर शादी समारोह में बवाल के बाद दुल्हन ने अपनी शादी तोड़ दी थी। यहां तक कि दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे को दिए गए उपहार भी वापस कर दिए गए थे। इस मामले में अब नया मोड़ आ गया है। घटना के चार दिन बाद सोमवार को दुल्हन एक बार फिर दूल्हे के पास लौट आई। अपने घर से निकलकर दूल्हे के पास पहुंची दुल्हन ने साथ रहने और उम्र भर साथ निभाने की बात कही। यही नहीं उसने वीडियो बनाकर इसका इजहार किया और परिवार पर आरोप लगाया कि उनके दबाव में आकर उसने शादी तोड़ने का फैसला लिया था।

दुल्हन ने कहा कि उसकी शादी हो चुकी है। अब वह अपने पति के साथ ही रहेगी। उसने कहा कि उसे परेशान न किया जाए। लड़की का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल है। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। खागा कस्बा निवासी सुमित केशरवानी की शादी बीते 18 फरवरी को प्रयागराज की तनु के साथ कस्बे के ही एक गेस्ट हाउस से हो रही थी। जयमाल और अन्य रस्में पूरी हो चुकी थीं। इसी दौरान दुल्हन का पालतू कुत्ता वहां भौंकने लगा। आरोप है कि वर पक्ष के एक लड़के ने कुत्ते को पीट दिया। इसी बात को लेकर शादी समारोह में माहौल बिगड़ गया। वहां विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर झगड़ा हुआ था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुत्ता दुल्हन पक्ष का था जिसके भौंकने पर एक बाराती ने लात मार दी थी। इसी बात पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। दुल्हन ने भी नाराज होकर शादी तोड़ने की बात कही थी। सुलह समझौते की बात देर सुबह तक चलती रही, लेकिन बात नहीं बनी थी। दूल्हे सुमित ने दावा किया कि उसने तनु के साथ जनवरी महीने में ही आर्य समाज के रीति-रिवाज से शादी कर ली थी। उसके परिजन शादी करने की बात कह कर उसको लिवा ले गए थे। तय तारीख 18 फरवरी को धूम धाम से बारात निकाली गई थी। इसी दौरान विवाद हो गया था।

इस घटना की इलाके में खूब चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि बेवजह ही मामले को इतना तूल दिया गया। दोनों पक्षों ने थोड़ा सा संयम रखा होता तो शादी में इतना बड़ा बवाल नहीं हुआ होता। फिलहाल, दूल्हा-दुल्हन के मिल जाने को लोग इस कहानी के सुखद अंत के रूप में देख रहे हैं।
Previous post योगी सरकार छात्रों को इससे बचाने के लिए नई नीति बनाएगी, विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में खुलेंगे सेंटर
Next post बच्चों को मोबाइल कितनी देर देखना है सरकार तय करेगी? बिहार में बच्चों के लिए आ रही नई पॉलिसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *