देवरिया, 01 जनवरी। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में अपराध व पशु तस्करी की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना भटनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 गोवंश के साथ 4 पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान घटना में प्रयुक्त 3 पिकअप वाहन भी बरामद किए गए।
विगत रात्रि ग्राम पिपरा विट्ठल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने तिरपाल से ढककर गोवंश को क्रूरतापूर्वक बांधकर बिहार/बंगाल ले जाए जा रहे तीन पिकअप वाहनों को रोका।
गिरफ्तार अभियुक्तों में परमहंस यादव, अविनाश यादव, संजय कुमार बरनवाल एवं बीरू कुमार शामिल हैं। बरामद गोवंश व वाहनों को कब्जे में लेकर अभियुक्तों के विरुद्ध थाना भटनी में मु.अ.सं. 286/2025 धारा 3/5A/8 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही तीनों पिकअप वाहनों को धारा 207 एमवी एक्ट के अंतर्गत सीज कर दिया गया है।
