न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने ग़ैर-क़ानूनी गतिविधियां रोकथाम क़ानून यानी यूएपीए की धाराओं में 2020 से जेल में बंद छात्र नेता उमर ख़ालिद के साथ एकजुटता दिखाई है.
ममदानी ने उमर ख़ालिद को अपने हाथ से लिखा एक नोट भेजा है. इसमें उन्होंने लिखा है, ”हम सब आपके साथ हैं.”
ममदानी के न्यूयॉर्क सिटी के मेयर के तौर पर शपथ लेने के बाद गुरुवार को उमर ख़ालिद की पार्टनर बनज्योत्सना लाहिड़ी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर इस नोट को शेयर किया है.
दिल्ली दंगों से जुड़े एक मामले में जेल में बंद उमर ख़ालिद को पिछले साल सितंबर में दिल्ली हाई कोर्ट ने ज़मानत देने से इनकार कर दिया था.
हालांकि दिसंबर में उन्हें अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए अनुमति मिली थी.
ज़ोहरान ममदानी ने क्या लिखा

उमर ख़ालिद की पार्टनर बनज्योत्सना लाहिड़ी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर ममदानी के नोट को शेयर किया है.
ममदानी के इस नोट में लिखा है, ”प्रिय उमर, मैं अक्सर कड़वाहट पर कही आपकी बातों और इस बात के महत्व के बारे में सोचता हूं कि उसे अपने भीतर हावी न होने दिया जाए. आपके माता-पिता से मिलकर मुझे ख़ुशी हुई. हम सब आपके साथ हैं.”
