देवरिया। जनपद के विकास खंड बैतालपुर में राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत खुरपका मुंहपका टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दीग्विजय यादव द्वारा की गई।
पशु चिकित्सालय बैतालपुर की टीम बलटिकरा स्थित निराश्रित गोआश्रय स्थल पहुंची, जहां पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी ने गोआश्रय में मौजूद सभी पशुओं को एफएमडी से बचाव के लिए टीका लगाया।
उन्होंने बताया कि विकास खंड बैतालपुर में पशु गणना के अनुसार कुल 13,500 पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। यह अभियान 22 जनवरी से 10 मार्च तक कुल 45 दिनों तक चलेगा, जिसमें टीकाकरण पूर्णतः नि:शुल्क किया जाएगा।
टीकाकरण कार्य में सुभाष चन्द्र के साथ पैरावेट्स राजकुमार यादव एवं दुष्यंत तिवारी ने सहयोग किया।
पशुपालन विभाग ने पशुपालकों से पशु पंजीकरण में सहयोग करने की अपील की है, ताकि सभी पशुओं को समय पर टीका लगाया जा सके।
