देवरिया। भारत रत्न, सीमांत गांधी एवं सरहदी गांधी के नाम से प्रसिद्ध खान अब्दुल गफ्फार खान की जयंती पर रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डुमरी स्थित सपा जन संपर्क कार्यालय पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर सपा के पूर्व प्रवक्ता चंद्रभूषण सिंह यादव ने कहा कि बादशाह खान अखंड भारत के प्रबल समर्थक थे और उन्होंने धर्म के आधार पर हुए भारत विभाजन का सख्त विरोध किया था। उन्होंने बताया कि खान अब्दुल गफ्फार खान ने अपना युवावस्था का अधिकांश समय अंग्रेजों से संघर्ष करते हुए तथा जीवन के कुल 27 वर्ष जेल में बिताए। आज़ादी के बाद विभाजन को लेकर उनकी पीड़ा उनके ऐतिहासिक कथन “हमें भेड़ियों के आगे फेंक दिया गया” में झलकती है। कार्यक्रम में उपस्थित सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सीमांत गांधी को नमन करते हुए उनके त्याग, संघर्ष और राष्ट्रवादी विचारों को याद किया।
