बिजली के पोल से टकराया कन्टेनर ट्रक, लगी आग – ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

Spread the love

महराजगंज । जिले के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के महादेव चौराहे के पास सोमवार की देर रात एक कन्टेनर ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का पोल टूट गया और ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय ट्रक गोरखपुर की दिशा से आ रहा था। अचानक नियंत्रण खोने से वह पोल से जा टकराया। हादसे के बाद ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रक से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही मिनटों में आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा ट्रक धूं-धूं कर जलने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवां थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन बाधित रहा। मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारी भी लाइन दुरुस्त करने में जुटे रहे। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सौभाग्य से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

Previous post लखनऊ मंडल डीआरएम ने किया स्टेशन परिसर का निरीक्षण
Next post वृद्धा पेंशन को लेकर बड़ा फैसला, योगी की कैबिनेट मीटिंग में 20 अहम प्रस्ताव पर लगी मुहर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *