देवरिया। राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान का सातवां चरण 22 जनवरी से प्रारंभ होकर 10 मार्च तक संचालित किया जाएगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने जनपद के सभी 16 विकास खंडों के पशु चिकित्साधिकारियों को अपने-अपने ग्राम पंचायतों का माइक्रोप्लान तैयार कर पशुओं का नि:शुल्क टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में विकास खंड बैतालपुर के पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी ने बताया कि टीकाकरण हेतु माइक्रोप्लान तैयार कर लिया गया है। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दीग्विजय यादव के निर्देशन में विभागीय टीमें बैतालपुर की सभी ग्राम पंचायतों में पहुंचकर पशुओं को नि:शुल्क टीका लगाएंगी।
उन्होंने बताया कि खुरपका-मुंहपका का टीका वर्ष में दो बार लगाया जाता है, जिसकी प्रभावशीलता लगभग छह माह रहती है। निर्धारित समय पर दूसरा टीका लगवाने से पशु पूरे वर्ष सुरक्षित रहते हैं। सामूहिक टीकाकरण से इस रोग के संक्रमण को प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है।
