सपाइयों ने पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की मनाई जयंती

Spread the love

देवरिया। सपा कार्यालय स्थित मुलायम सिंह यादव सभागार में पूर्व मुख्यमंत्री  कर्पूरी ठाकुर की जयंती जिलाध्यक्ष व्यास यादव की अध्यक्षता एवं महासचिव मंजूर हसन के संचालन में मनाई गई। जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने कहा कि ठाकुर ने महात्मा गांधी, डॉ. लोहिया और लोकनायक जयप्रकाश नारायण की समाजवादी संत परंपरा को आगे बढ़ाया। शिक्षा में कुशाग्र होने के बावजूद उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई।
मुख्यमंत्री जैसे उच्च पद पर रहते हुए भी कर्पूरी ठाकुर सादगी, ईमानदारी और नैतिकता के प्रतीक बने रहे। लोहिया के विशेष अवसर के सिद्धांत को लागू कर आरक्षण व्यवस्था को मजबूती दी और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ा। श्री यादव ने कहा कि सामाजिक न्याय की इस विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव कर रहे हैं, जिससे कर्पूरी ठाकुर के सपने साकार होंगे। इसी क्रम में जनपद के रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र के डुमरी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा नेता चंद्रभूषण यादव ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर पिछड़ों के आरक्षण हेतु अपमान का जहर पीने वाले महान पुरुष थे। उन्होंने आजीवन वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ी और सामाजिक न्याय की अवधारणा को साकार किया। आरक्षण लागू करने के कारण उन्हें तीव्र विरोध का सामना करना पड़ा, फिर भी वे अपने सिद्धांतों पर अडिग रहे। राजनीति में ईमानदारी, त्याग और जनसरोकारों के प्रति समर्पण कर्पूरी ठाकुर की पहचान थी। सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

Previous post पुलिस ने चलाया व्यापक सुरक्षा व जनसंपर्क अभियान
Next post मतदान लोकतंत्र की आत्मा जिलाधिकारी 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *