देवरिया। प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय मत्स्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 128 मत्स्य कृषकों एवं हितधारकों का पंजीकरण किया गया। यह वृहद पंजीकरण शिविर बरहज विकास खंड परिसर में मत्स्य विभाग देवरिया के तत्वावधान एवं मत्स्यजीवी फिश फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के संयोजन में आयोजित हुआ।
शिविर में मछली पालन, झींगा पालन, मछली विक्रेताओं, मत्स्य सहकारी समितियों एवं मछुआरा समूहों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मत्स्य पालक किसान अभिकरण देवरिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय कुमार मिश्र ने बताया कि एनएफडीपी पोर्टल का उद्देश्य मत्स्य पालन एवं इससे जुड़े क्षेत्रों को आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं से सशक्त बनाना है।
मत्स्य निरीक्षक कुलदीप सक्सेना ने कहा कि पोर्टल पर पंजीकरण से सब्सिडी, वित्तीय सहायता एवं प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं डिजिटल माध्यम से आसानी से उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर मत्स्यजीवी एफएफपीसी के चेयरमैन निषाद जितेन्द्र भारत सहित बड़ी संख्या में मछुआ समुदाय के लोग उपस्थित रहे।
