सपा ने महामहिम के नाम जिलाधिकारी को सौंपा पत्रक
देवरिया। समाजवादी पार्टी के बरहज विधानसभा क्षेत्र 342 के नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर जनहित की सात प्रमुख मांगें उठाईं। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मुरली मनोहर जायसवाल पूर्व प्रत्याशी/प्रभारी बरहज एवं संतोष यादव पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, बरहज ने किया।
ज्ञापन में एक दशक से लंबित मोहन सिंह सेतु का निर्माण शीघ्र पूरा कराने, जर्जर सोनुघाट-बरहज मार्ग के पुनर्निर्माण तथा बरहज तहसील में फायर सर्विस स्टेशन की स्थापना की मांग की गई। साथ ही एसआइआर के बाद बड़ी संख्या में जारी मतदाता नोटिसों के समयबद्ध निस्तारण हेतु काउंटर बढ़ाने पर जोर दिया गया, ताकि कोई भी नागरिक मताधिकार से वंचित न हो।
इसके अतिरिक्त बरहज में बस स्टैंड निर्माण, किसानों को उचित मूल्य दिलाने हेतु कृषि मंडी की स्थापना तथा युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा केंद्र खोलने की मांग उठाई गई। नेताओं ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से क्षेत्र की बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा और विकास को गति मिलेगी।
