देवरिया। बीआरडीपीजी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस पर चयनित ग्राम साहू टोला, मेहड़ा पुरवा में शिविरार्थियों ने योगाभ्यास किया। लक्ष्य गीत के पश्चात योग प्रशिक्षक डॉ. पिंटू लाल यादव ने ताड़ासन, वृक्षासन, हलासन, भुजंगासन, मकरासन और नौकासन सहित अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी व शीतली प्राणायाम का अभ्यास कराया। सूर्य नमस्कार के साथ रोगानुसार योग के लाभ बताए गए।
बौद्धिक सत्र में कृषि प्रसार विभाग के सहायक आचार्य डॉ. शुभम मिश्र ने ‘व्यक्तित्व का विकास’ विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि व्यक्तित्व हमारे विचार, व्यवहार और मूल्यों का समन्वित रूप है। नियमित अभ्यास व सकारात्मक सोच से आत्मविश्वास, संचार कौशल और नेतृत्व क्षमता का विकास संभव है। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रद्योत कुमार सिंह सहित शिक्षकगण व स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
