देवरिया। कानून-व्यवस्था को और चुस्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने मंगलवार को सलेमपुर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार और महिला सहायता कक्ष की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की गई।
एसपी ने लंबित विवेचनाओं को समयबद्ध ढंग से निस्तारित करने, वारंटों की तामील तेज करने और बीट पुलिसिंग मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई, बैरक व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता पर भी ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनता से संवाद और पारदर्शिता ही पुलिस की साख मजबूत करती है। पुलिस-जन सहयोग को अपराध नियंत्रण की कुंजी बताते हुए नियमित गश्त और ग्राम चौपालों के माध्यम से संवाद बढ़ाने पर जोर दिया।
