देवरिया। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से विकास खंड बैतालपुर के बरनई निवासी सामाजिक कार्यकर्ता विकास यादव को जिला स्तरीय स्वामी विवेकानंद यूथ अवार्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें 25 हजार रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
विकास यादव कई वर्षों से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, नशामुक्ति, मतदाता जागरूकता, पौधारोपण, स्वच्छता, जल संरक्षण, जैविक खेती और जरूरतमंदों को कंबल वितरण जैसे कार्यों में अहम भूमिका निभाई है। इसके साथ ही पुस्तकालय स्थापना, परिवार नियोजन जागरूकता, युवा संवाद कार्यक्रम और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी योगदान दिया है।
कोरोना महामारी के दौरान भी उन्होंने जरूरतमंदों की सहायता और जनजागरूकता में सक्रिय भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें कोरोना योद्धा के रूप में भी सम्मानित किया जा चुका है।
इस उपलब्धि पर जिला युवा कल्याण अधिकारी पुनीत कुमार, जिला युवा अधिकारी चंद्रभूषण चौबे, डॉ. अजय कुमार यादव, बीओ निखिल आनंद, नीरज मिश्रा, विशाल कुमार गुप्ता, ग्राम प्रधान हरेंद्र यादव, सभासद बद्रीनाथ गुप्ता, अजीत कुमार, चंद्रशेखर यादव, प्रधान प्रतिनिधि हरकेश यादव, प्रदीप गोंड़, परशुराम गुप्ता सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई दी।
विकास यादव के सम्मानित होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
