देवरिया। सदर तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार, रसोई गैस की किल्लत और राजस्व संबंधी समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने सोमवार को तहसीलदार कार्यालय परिसर में किसान पंचायत आयोजित की। पंचायत के दौरान किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए छह सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
किसान पंचायत को संबोधित करते हुए भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष व किसान नेता विनय सिंह सैंथवार ने कहा कि जनपद में रसोई गैस की भारी किल्लत से लोगों में हाहाकार मचा हुआ है। एजेंसी संचालक मनमानी कर रहे हैं, जबकि प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने कहा कि एजेंसी मालिकों पर सख्ती से कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
भाकियू के पूर्वी उत्तर प्रदेश सचिव विनोद गुप्ता ने कहा कि तहसील में बिना पैसे लिए वरासत और अंश निर्धारण में सुधार का कार्य नहीं किया जा रहा है। इससे किसानों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
वहीं भाकियू जिलाध्यक्ष गिरीश नारायण शाही ने आरोप लगाया कि सामान्य पैमाइश हो या दफा 24 के तहत कच्ची अथवा पक्की नापी, बिना रिश्वत दिए राजस्व कर्मी कोई काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में तहसील में और बड़ी पंचायत आयोजित की जाएगी।
पंचायत के अंत में तहसीलदार के.के. मिश्र मौके पर पहुंचे और भाकियू नेताओं से वार्ता कर छह सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन लिया।
इस दौरान मंडल संयोजक शहीद ख्वाजा मंसूरी, जिला संयोजक सदानंद यादव, जिला महासचिव धनंजय सिंह, जिला सलाहकार मदन चौहान, जिला उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह, जिला कोषाध्यक्ष चंद्रदेव सिंह, युवा जिलाध्यक्ष मुन्ना सिंह, युवा जिला उपाध्यक्ष बृजेश यादव सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
