देवरिया। फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत पथरदेवा ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर दुलारपट्टी में पेशेंट स्टेक होल्डर प्लेटफार्म का गठन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. प्रभात रंजन ने की। इस दौरान फाइलेरिया हाथीपांव के मरीजों को एमएमडीपी प्रशिक्षण देकर प्रभावित अंग की साफ-सफाई, देखभाल और व्यायाम के बारे में जानकारी दी गई तथा किट वितरित की गई।
डॉ. प्रभात रंजन ने बताया कि सही देखभाल, स्वच्छता और नियमित व्यायाम से हाथीपांव में काफी आराम मिलता है। उन्होंने कहा कि यह बीमारी क्यूलेक्स मच्छर के माध्यम से फैलती है, जिसके लक्षण कई वर्षों बाद दिखाई देते हैं। समय पर पहचान और दवा सेवन से इसे रोका जा सकता है।
सीएचओ सविता ने मरीजों को सफाई, सूजन कम करने और संक्रमण से बचाव के तरीके बताए। कार्यक्रम में बीपीएम नागेंद्र मल्ल, एचएस ईश्वरेन्द्र लाल सहित स्वास्थ्यकर्मी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।
