देवरिया । जनपद के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी की आड़ में चल रहे ठगी के नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। श्रीरामपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी लोगों को आकर्षक ऑफर देकर ऑनलाइन गेमिंग में जोड़ते थे और फिशिंग लिंक व फर्जी बैंक खातों के जरिए रकम ट्रांसफर कराते थे। जांच में कई बैंक खातों का इस्तेमाल सामने आया है।
छापेमारी में 18 एटीएम कार्ड, 7 एंड्रॉयड मोबाइल, 1 लैपटॉप, बैंक पासबुक और चेकबुक, 30 खाली सिम पैकेट और ₹29,070 नकद बरामद किया है।
ठगी में इस्तेमाल 12 बैंक खातों में मौजूद ₹1.25 लाख पुलिस ने फ्रीज कराए हैं। अन्य खातों की जांच जारी है।
एसपी देवरिया अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
