देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा है कि 9 मई शनिवार को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में दीवानी न्यायालयों के साथ-साथ जनपद के सभी राजस्व न्यायालयों में भी मामलों की सुनवाई एवं निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने सभी राजस्व पीठासीन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि लोक अदालत में राजस्व वादों को प्राथमिकता के आधार पर शामिल कर उनका निस्तारण किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी राजस्व न्यायालयों के पीठासीन अधिकारी सुबह 10 बजे से न्यायालयों में उपस्थित रहकर मामलों की सुनवाई करें। साथ ही लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर एवं अन्य माध्यमों का उपयोग करने को कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि जनपद स्तरीय न्यायालयों के अलावा तहसील स्तर के सभी राजस्व न्यायालयों में भी लोक अदालत के तहत लंबित मामलों का समाधान किया जाएगा। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे अपने लंबित वादों का आपसी सहमति से निस्तारण कराकर राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकाधिक लाभ उठाएं।
