मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण,अनावश्यक रेफर पर जिलाधिकारी ने दी चेतावनी

Spread the love

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, एमसीएच विंग, चिल्ड्रेन वार्ड और ओपीडी का निरीक्षण कर मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, साफ-सफाई, दवा वितरण और उपचार व्यवस्था की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने इमरजेंसी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता करने और वार्डों में साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया।

एमसीएच विंग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। स्टाफ नर्स से मदर एंड चाइल्ड प्रोटेक्शन कार्ड की जानकारी लेते हुए कहा कि कार्ड पर दर्ज स्वास्थ्य विवरणों की नियमित निगरानी बेहद जरूरी है।

जिलाधिकारी ने अस्पताल से रेफर किए गए मरीजों के मामलों की भी समीक्षा की और स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना गंभीर कारण किसी मरीज को अनावश्यक रूप से रेफर किए जाने की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान डॉ. आर.के. श्रीवास्तव सहित अन्य चिकित्साकर्मी मौजूद रहे।

Previous post अधिशासी अधिकारी ने जनगणना 2027 की कराई शुरुआत
Next post राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आज, राजस्व मामलों का होगा निस्तारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *