देवरिया। पुलिस ने अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए गुरुवार को अलग-अलग अभियानों में महत्वपूर्ण कार्रवाई की। हत्या और पॉक्सो एक्ट के मामलों में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
थाना लार पुलिस ने वर्ष 2024 के चर्चित हत्या प्रकरण में वांछित आरोपी दीपक यादव उर्फ सोकन को चनुकी मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना लार में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं थाना तरकुलवा पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में वांछित प्रदीप भारती उर्फ नीरज को पकड़ी बाबू नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी पर नाबालिग युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म सहित पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज था। पुलिस ने बताया कि संबंधित पीड़िता को छह जून को ही सकुशल बरामद कर लिया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
इसी क्रम में यातायात पुलिस ने शहर क्षेत्र के बस स्टैंड, हनुमान मंदिर और कसया ओवरब्रिज के आसपास विशेष चेकिंग अभियान चलाया। बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना ड्राइविंग लाइसेंस तथा बिना फिटनेस वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 72 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि दो वाहनों को सीज कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार जारी रहेंगे।
