देवरिया। पिड़रा गांव में आवारा सांड के हमले में एक किसान की मौत के बाद स्थानीय प्रशासन ने निराश्रित पशुओं के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को विकासखंड रुद्रपुर के खंड विकास अधिकारी एजाज अहमद की मौजूदगी में 35 निराश्रित पशुओं को पकड़कर पिपरा चंद्रभान गौशाला भेजा गया।
इस अभियान में विकासखंड के सफाई कर्मचारी, ग्राम पंचायत सचिव, सहायक विकास अधिकारी ग्राम विकास एवं पंचायती राज विभाग के कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे। पशुपालन विभाग रुद्रपुर के चिकित्सक एवं फार्मासिस्ट की निगरानी में पशुओं को सुरक्षित तरीके से गौशाला भेजा गया।
प्रशासन ने कैटिल कैचर वाहन की सहायता से आवारा पशुओं को पकड़वाया। सचिवों द्वारा सात वाहनों की व्यवस्था कर पशुओं को पिपरा चंद्रभान गौशाला पहुंचाया गया। अभियान के दौरान बीडीओ एजाज अहमद के साथ सहायक विकास अधिकारी ग्राम विकास वीरेंद्र प्रकाश मिश्रा, दीनानाथ प्रजापति, डॉ. बी.के. पटेल तथा कई ग्राम पंचायत सचिव और कर्मचारी मौजूद रहे।
सहायक विकास अधिकारी ग्राम विकास वीरेंद्र प्रकाश मिश्रा ने बताया कि निराश्रित पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि विकासखंड क्षेत्र को आवारा पशुओं से मुक्त करना प्रशासन का लक्ष्य है। जब तक सभी निराश्रित पशुओं को गौशालाओं में नहीं पहुंचा दिया जाता, तब तक अभियान निरंतर चलता रहेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से किसानों और ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है।
