देवरिया। कृषि विभाग की सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन और इन-सीटू योजना के तहत कृषि यंत्रों के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले किसानों का चयन शुक्रवार को ई-लॉटरी से किया जाएगा। उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य ने बताया कि ई-लॉटरी सुबह 10 बजे गांधी सभागार, विकास भवन में होगी।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होने वाली ई-लॉटरी में जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति और किसानों की मौजूदगी में विकासखंडवार व कृषि यंत्रवार लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। इसमें कस्टम हायरिंग सेंटर, रोटावेटर, पैडी/मल्टीक्रॉप थ्रेशर, मिनी राइस मिल, लेजर लैंड लेवलर, पावर चॉप कटर और पावर टिलर समेत विभिन्न कृषि यंत्र शामिल हैं।
उप कृषि निदेशक ने ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले सभी किसानों से निर्धारित समय पर गांधी सभागार पहुंचकर ई-लॉटरी में शामिल होने की अपील की है।
