देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गुरुवार को नाथनगर स्थित अनुसूचित जाति छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं और छात्रों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं की जानकारी ली।
डीएम ने साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, शौचालय समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाले युवाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सुरक्षा व्यवस्था को भी प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इनसेट
जनता दर्शन में बुजुर्गों को तत्काल मिली राहत, डीएम ने कराया समाधान
आयुष्मान और राशन कार्ड की प्रक्रिया मौके पर शुरू
देवरिया। जनता दर्शन में पहुंचे बुजुर्ग फरियादियों की समस्या पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने तत्काल पहल की। 80 वर्ष से अधिक आयु के ग्राम सेहुड़ा निवासी प्रभुनाथ यादव ने आयुष्मान कार्ड नहीं बनने की समस्या बताई। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर प्राथमिकता के आधार पर उनका आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी ने बताया कि कार्ड के लिए आधार कार्ड आवश्यक है। फरियादी आधार कार्ड साथ नहीं लाए थे। इस पर डीएम ने संबंधित कर्मचारी को विकासखंड कार्यालय से समन्वय कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए, ताकि बुजुर्ग को योजना का लाभ मिल सके।
इसी तरह ग्राम भरथ राय, पिपरहिया निवासी देवंती देवी ने राशन कार्ड बनवाने की मांग की। डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मौके पर पहुंचे कर्मचारी ने ऑनलाइन आवेदन कर राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। त्वरित कार्रवाई से दोनों फरियादियों को राहत मिली और उन्होंने डीएम के प्रति आभार जताया।
