देवरिया। जनपद के विकास खंड बैतालपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत भगवानपुर चौबे के पंचायत भवन में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान को लेकर चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी, ग्राम सचिव नन्हें सिंह, ग्राम प्रधान एवं पंचायत सहायक उपस्थित रहे। ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर ग्राम सचिव ने पात्र परिवारों को फैमिली कार्ड बनवाने के लिए जागरूक किया। पशुधन प्रसार अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में खुरपका–मुंहपका रोग से बचाव हेतु विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पशुओं का नि:शुल्क टीकाकरण किया जा रहा है।
पशु चिकित्सालय बैतालपुर की टीम ने पूरे गांव में भ्रमण कर लगभग 100 पशुओं को खुरपका–मुंहपका का टीका लगाया तथा कृमिनाशक दवाओं का वितरण किया। अभियान में सुभाष चंद्र, महेंद्र यादव सहित पैरावेट राजकुमार यादव व दुष्यंत तिवारी मौजूद रहे।
