देवरिया। दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस देवरिया ने शहर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान वैध कागजात वाले ई-रिक्शा वाहनों पर नंबरिंग की गई, जबकि बिना वैध कागजात पाए जाने पर चालान और सीज की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 136 वाहनों का ई-चालान किया गया और 7 वाहनों को सीज किया गया।
यातायात पुलिस ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई से नियमों के पालन को बढ़ावा मिलेगा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। साथ ही वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
