देवरिया। बरहज तहसील क्षेत्र के ग्राम देवढी में मधुमास महोत्सव के अवसर पर चंद्रेश्वर महादेव धाम ट्रस्ट द्वारा भव्य श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन आगामी 8 मार्च से किया जाएगा। ट्रस्ट अध्यक्ष उग्रसेन सिंह ने बताया कि गांव स्थित लगभग 400 वर्ष पुराने चंद्रेश्वर महादेव मंदिर में स्थापित शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा के उपरांत यह धार्मिक आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 7 मार्च को कलश व शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जो धाम से चलकर भागलपुर सरयू तट तक जाएगी। वहां से श्रद्धालु सरयू जल कलश में भरकर मंदिर परिसर लौटेंगे। 8 से 14 मार्च तक वृंदावन से पधारे भागवत भास्कर श्रीकृष्ण चंद्र जी शास्त्री द्वारा अमृतमयी श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा।
15 मार्च को कन्या पूजन व महाप्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन होगा। ट्रस्ट अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की।
