देवरिया। बरहज पीपा पुल पर लोक निर्माण विभाग की घोर लापरवाही से हुए दर्दनाक हादसे पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचार इस कदर बढ़ चुका है कि उसकी कीमत अब आम जनता को अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि इस भीषण हादसे के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि मूकदर्शक बने हुए हैं, जो अत्यंत निंदनीय है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि नदी में गिरे श्री धर्मु प्रसाद को चार दिन बीत जाने के बाद भी अब तक तलाश नहीं किया जा सका, जो गंभीर प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।
श्री यादव ने मांग की कि घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
