देवरिया। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को विकास खंड रामपुर कारखाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, भवनों की स्थिति और विभिन्न पटलों के अभिलेखों की गहन जांच की। लेखाकार पटल से संबंधित टेंडर, आवास व क्षेत्र पंचायत पत्रावलियों का अवलोकन किया गया। मनरेगा, स्थापना पटल, सेवा पुस्तिकाओं और नामिनी प्रपत्रों की भी समीक्षा की गई।
सीडीओ ने जनसुनवाई व जनसूचना शिकायतों के निस्तारण की प्रगति जानी तथा पंचायत व एनआरएलएम कार्यों की समीक्षा की। मनरेगा में ई-केवाईसी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सचिवों व रोजगार सेवकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने योजनाओं का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
