देवरिया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने सोमवार को पुलिस लाइन का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान आदेश कक्ष, क्वार्टर गार्द, परिवहन शाखा, रेडियो शाखा, डायल 112 कार्यालय, जनपद नियंत्रण कक्ष, शस्त्रागार, आरटीसी, बैरक, मेस एवं पुलिस कैंटीन का बारीकी से अवलोकन किया।
आदेश कक्ष में अभिलेखों के अद्यतन रख-रखाव और आदेशों के समयबद्ध निस्तारण की समीक्षा की गई। क्वार्टर गार्द में ड्यूटी, टर्नआउट और अनुशासन की जांच कर सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। परिवहन शाखा में वाहनों की स्थिति, मरम्मत व ईंधन प्रबंधन की व्यवस्था पर जोर दिया।
रेडियो शाखा व डायल 112 की संचार प्रणाली की कार्यक्षमता परखी गई तथा आपात सेवाओं में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। शस्त्रागार में हथियारों की सुरक्षा और अभिलेखों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक व संबंधित क्षेत्राधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
