देवरिया। बीआरडीपीजी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन स्वयंसेवकों ने साहू टोला और मेहड़ा पुरवा में स्वच्छता अभियान चलाने के बाद नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली। रैली को राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. समरेन्द्र बहादुर शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शिविरार्थियों ने पोस्टर और नारों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
स्वास्थ्य विभाग से आए आईसीटीसी परामर्शदाता शिरीष कुमार त्रिपाठी ने एचआईवी/एड्स के संक्रमण के कारणों और बचाव पर जानकारी देते हुए जागरूकता को सबसे बड़ा उपाय बताया तथा एआरटी सेंटर की सेवाओं पर प्रकाश डाला। बौद्धिक सत्र में डॉ. आलोक मिश्र ने ‘खाद्य सुरक्षा एवं स्वास्थ्य’ विषय पर संतुलित आहार, योग और नियमित व्यायाम के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
