देवरिया। राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड एवं जिला सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में निगम परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 402 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न क्षेत्रों की 9 कंपनियों ने उपस्थित होकर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया, जिसमें 259 युवाओं का प्रारंभिक चयन किया गया। प्रभारी सेवायोजन अधिकारी रोहन अपूर्व सिन्हा ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही चयनित न हो सके अभ्यर्थियों को निराश न होकर निरंतर प्रयास जारी रखने की प्रेरणा दी।
