देवरिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में सोमवार को वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज जूनियर डिवीज़न शैलजा मिश्रा ने केंद्र पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाना चाहिए तथा समाज को भी उनके प्रति संवेदनशील और सजग रहना होगा।
सचिव ने सेंटर में रह रही चार संवासिनियों से बातचीत कर भोजन, पानी, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही कार्मिक उपस्थिति रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर और अन्य अभिलेखों का निरीक्षण कर उन्हें व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने केंद्र प्रबंधक नीतू भारती को सुरक्षा व्यवस्था में पाई गई कमियों को दूर करने के लिए कड़े निर्देश दिए और संबंधित सुरक्षा प्रभारी से समन्वय बनाकर पीड़िताओं की सुरक्षा को निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़िताओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य होगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं को विधिक सहायता की आवश्यकता हो, उनके मामलों को चिन्हित कर अधिक से अधिक संख्या में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में भेजा जाए, ताकि उन्हें आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
