देवरिया। सरस्वती वरिष्ठ माध्यमिक विद्या मंदिर, देवरिया के माधव सभागार में शुक्रवार को सिविल सेवा में चयनित पूर्व छात्र अनिल मिश्रा का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि व्यक्तित्व के निर्माण में विद्यालय की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि बालक के सर्वांगीण विकास में परिवार और परिवेश के साथ विद्यालय का अनुशासन व शिक्षण अहम योगदान देता है, जो उसकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में आने वाली विपरीत परिस्थितियां ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करती हैं। किसी भी सफल व्यक्ति के जीवन में संघर्ष की अहम भूमिका होती है। अनिल मिश्रा के उदाहरण से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प, समय प्रबंधन, स्वाध्याय और अनुशासन के बल पर बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।
विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने कहा कि लक्ष्य की स्पष्टता सफलता का प्रमुख आधार है और इसके लिए आवश्यक सभी गुणों को जीवन में अपनाना चाहिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिरुद्ध सिंह ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र व श्रीफल भेंट कर स्वागत किया।
विद्यालय के प्रबंधक बैकुंठनाथ कुशवाहा ने छात्रों को अनिल मिश्रा से प्रेरणा लेकर जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। सम्मानित छात्र अनिल मिश्रा ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के अनुशासन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपने प्रयासों को दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई। छात्रों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। संचालन वरिष्ठ आचार्य अशोक यादव ने किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
