देवरिया। दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक सांसद शशांक मणि की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने प्रशासनिक कार्यों पर संतोष जताते हुए सराहना की।
बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, समग्र शिक्षा और डिजिटल इंडिया पब्लिक इंटरनेट एक्सेस प्रोग्राम (सीएससी) समेत कई योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही हाईवे और रेलवे परियोजनाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
सांसद शशांक मणि ने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पात्रों तक पहुंचे तथा गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। बैठक में गर्मी के चलते बिजली आपूर्ति का मुद्दा भी उठा, जिस पर विभाग को शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
वहीं सूर्य प्रताप शाही ने गेहूं खरीद की समीक्षा करते हुए जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि 107 क्रय केंद्रों के माध्यम से लगभग 6 हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है और भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है।
गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। पशुओं के लिए पेयजल, चारा और अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में दिव्या मित्तल सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
