देवरिया। जनपद के भटनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर क्षेत्र में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों और मरीजों ने केंद्र की अव्यवस्थाओं तथा प्रशासनिक लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सीएचसी भटनी के अधीक्षक डॉ. नवीन कुमार (पप्पू) का स्थानांतरण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विशुनपुरा बाजार के लिए हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद वे अब तक भटनी में ही कार्यरत हैं। लोगों का कहना है कि आदेश के बावजूद पद पर बने रहने से व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले केंद्र पर महिला चिकित्सक की तैनाती से प्रसव जांच सहित महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिल जाती थीं। लेकिन वर्ष 2026 में महिला चिकित्सक के स्थानांतरण के बाद स्थिति बिगड़ गई है। आरोप है कि अल्ट्रासाउंड जांच टेक्नीशियन के अभाव का हवाला देकर पूरी तरह बंद कर दी गई है, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2024 में जनप्रतिनिधियों के प्रयास से एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीनें स्थापित कराई गई थीं, लेकिन वर्तमान में इनका समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। इससे स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं और मरीजों को निजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस पूरे प्रकरण ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। इस सम्बन्ध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी अनिल गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में है जैसे ही कोई रिलीवेंट चिकित्सक आएंगे उन्हें चार्ज मिल जायेगा और व्यवस्थाएं सुचारु रुप से चल सकेंगी।
