देवरिया। मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत रविवार को जनपद में बहू-बेटी अभियान व्यापक स्तर पर चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों ने गांव और कस्बों में चौपाल लगाकर महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया।
अभियान के तहत रुद्रपुर, लार, बरहज, भाटपार रानी व सुरौली समेत विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित हुए। महिला पुलिसकर्मियों ने परित्यक्ता, तलाकशुदा, निराश्रित व कामकाजी महिलाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन और अधिकारों की जानकारी दी।
इस दौरान दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए और नए आपराधिक कानूनों (2023) के प्रावधानों से अवगत कराया गया। साथ ही 112, 181, 1090, 1098, 108 व 1930 जैसे हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
पुलिस टीमों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
