देवरिया। शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बुधवार को यातायात पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में बस स्टैंड, सुभाष चौक और गोरखपुर ओवरब्रिज समेत कई स्थानों पर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सड़क किनारे खड़े होकर सवारी भरने वाले बस, ऑटो और ई-रिक्शा के साथ ही बिना ड्राइविंग लाइसेंस और फिटनेस के चल रहे वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान और सीज की कार्रवाई की गई।
राघव नगर क्षेत्र में नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर भी सख्ती बरती गई। इस दौरान कुल 75 वाहनों का ई-चालान किया गया, जबकि छह वाहनों को सीज कर दिया गया।
यातायात पुलिस ने कहा कि नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा, ताकि सड़क हादसों को रोका जा सके।
