देवरिया का स्नेह हमेशा रहेगा याद: दिव्या
देवरिया। जनपद से स्थानांतरित जिलाधिकारी दिव्या मित्तल को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं ने उन्हें बुके व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
विदाई समारोह में जिलाधिकारी ने कहा कि देवरिया में मिला प्रेम और स्नेह उनके जीवन की अमूल्य यादों में शामिल रहेगा। उन्होंने जनपद के अधिकारियों व कर्मचारियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां की टीम बेहद जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ है, जिसके साथ काम करना सुखद अनुभव रहा।
समारोह में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम शंकर सहित अन्य अधिकारियों ने जिलाधिकारी के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके मार्गदर्शन को प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम में अधिवक्ता प्रीतम मिश्र, केशरी नंदन पाण्डेय, प्रेम नारायण मणि त्रिपाठी, प्रियंका सिंह और हरीश चन्द्र यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संचालन डीजीसी नवनीत मालवीय द्वारा किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व समाजसेवी मौजूद रहे।
