देवरिया क्लब में शिक्षामित्र सम्मान समारोह, बढ़े मानदेय का वितरण

Spread the love

 

देवरिया। देवरिया क्लब में मंगलवार को शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े मानदेय वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। इस दौरान शिक्षामित्रों को सम्मानित करते हुए प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक सुना।
मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि शिक्षामित्र ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव हैं। सीमित संसाधनों में भी उन्होंने शिक्षा की अलख जगाई है, जो सराहनीय है। सरकार उनके हितों के प्रति प्रतिबद्ध है और मानदेय वृद्धि उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षामित्र बच्चों के भविष्य निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं। मानदेय वृद्धि उनके समर्पण और योगदान का सम्मान है।
बरहज विधायक दीपक मिश्र ने कहा कि शिक्षामित्रों ने प्राथमिक शिक्षा को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को विद्यालय से जोड़ने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है।
रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने कहा कि शिक्षामित्रों ने जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य किया है और बुनियादी शिक्षा की मजबूत नींव रखने में उनका योगदान अहम है।
नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में शिक्षामित्रों की भूमिका को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया। वहीं मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षामित्र शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता फैलाने में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल सिंह ने कहा कि शिक्षामित्रों ने विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा व्यवस्था को निरंतर बनाए रखा, जो अनुकरणीय है।
कार्यक्रम में छात्रों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्होंने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Previous post राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, 9 मई को होगा आयोजन
Next post मानवीय कार्य के लिए मुख्य आरक्षी शिव राय सम्मानित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *