देवरिया।गांधी सभागार, विकास भवन में उत्तर प्रदेश के राज्य आयुक्त दिव्यांगजन के निर्देशन में आयोजित मोबाइल कोर्ट में 126 मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान दिव्यांगजनों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया गया।
मोबाइल कोर्ट के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी की ओर से दिव्यांग प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हेतु स्टॉल लगाए गए। वहीं जिला पूर्ति विभाग द्वारा अंत्योदय व राशन कार्ड तथा जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा दिव्यांग पेंशन एवं सहायक उपकरण वितरण के लिए स्टॉल संचालित किए गए।
सुनवाई के दौरान 09 दिव्यांग प्रमाण पत्र मौके पर जारी किए गए, 27 आयुष्मान कार्ड एवं 22 राशन कार्ड के लिए आवेदन प्राप्त हुए। साथ ही एक राशन कार्ड तत्काल जारी किया गया। तीन मामले भूमि विवाद से संबंधित पाए गए, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
राज्य आयुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि सप्ताह में दो दिन दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए जाएं। इसके साथ ही मेडिकल बोर्ड में चिकित्सकों की संख्या 5 से बढ़ाकर 7 करने तथा प्रत्येक तीन वर्ष में नए चिकित्सकों की नियुक्ति को कहा।
मोबाइल कोर्ट के दौरान 11 स्मार्ट केन, 03 लेप्रोसी किट, 10 श्रवण यंत्र, 12 बैसाखी एवं 15 ट्राइसाइकिल का भी वितरण किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
