कृषि क्षेत्र में नवाचारों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान
योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर फोकस
देवरिया । जनपद को नए जिलाधिकारी के रूप में मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को कोषागार पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। वर्ष 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हुल्गी मूल रूप से कर्नाटक के निवासी हैं और इससे पहले मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थे। देवरिया में उन्होंने 69वें जिलाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली।
पदभार ग्रहण करते ही डीएम हुल्गी ने साफ किया कि उनकी प्राथमिकता सरकारी योजनाओं का प्रभावी और जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन करना होगा , ताकि पात्र लोगों तक योजनाओं का पूरा लाभ पहुंचे।
कलेक्ट्रेट में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने मीडिया से मुख़ातिब होते हुए कहा कि प्रशासन समन्वय और टीमवर्क के साथ काम करेगा और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
उन्होंने आमजन से सीधा संवाद बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि समस्याओं को समझकर उनका समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा। साथ ही जनपदवासियों से सहयोग की अपील भी की।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में नवाचारों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा और आईसीडीएस सेक्टर उनकी प्राथमिकता में रहेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि जन समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संवाद बेहद जरूरी है और वे आमजन व मीडिया से निरंतर संपर्क बनाए रखेंगे। उन्होंने मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे जमीनी समस्याएं सामने आती हैं, जिससे सुधार की दिशा तय होती है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
कार्यभार संभालने के बाद डीएम ने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान न्यायालय कक्ष, एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम, ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय, नजारत, भूलेख, अभिलेखागार और सभागार सहित विभिन्न विभागों का जायजा लिया। अभिलेखागार में रिकॉर्ड के बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने अपने कक्ष में जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस मौके पर एडीएम (वित्त) रामशंकर, एसडीएम सदर सीमा पांडेय, एसडीएम रुद्रपुर अवधेश कुमार निगम समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
