देवरिया । जिले की सर्विलांस सेल ने करीब 50 लाख रुपये कीमत के 251 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने टीम को 5 हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सर्विलांस सेल ने CEIR पोर्टल के जरिए गुम मोबाइल फोन को ट्रैक किया। लगातार प्रयासों के बाद 251 आवेदकों के मोबाइल सफलतापूर्वक बरामद कर सुपुर्द किए गए।
इस दौरान एसपी ने लोगों से संवाद कर साइबर अपराध के बढ़ते खतरे को लेकर आगाह किया। उन्होंने बताया कि ठग अब सोशल मीडिया, फर्जी कॉल, ईमेल और लिंक के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। नागरिकों को सलाह दी गई कि किसी अनजान व्यक्ति से अपनी निजी जानकारी साझा न करें।संदिग्ध लिंक और ऐप्स से दूर रहें। ऑनलाइन लेन-देन में सतर्कता बरतें।
उन्होंने यह भी बताया कि साइबर ठगी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत संपर्क करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना डायल 112 पर दें।
बरामद मोबाइल ब्रांड्स में सबसे ज्यादा रियलमी (52), वीवो (51) और रेडमी (34) शामिल रहे।
रिकवरी टीम में निरीक्षक सादिक परवेज, सम्मी कुमार, विमलेश सिंह, सुधीर कुमार मिश्र, सुमंत यादव और विन्देश्वर यादव शामिल रहे।
देवरिया पुलिस की इस कार्रवाई से न सिर्फ लोगों को राहत मिली, बल्कि साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का संदेश भी गया।
