देवरिया । ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बुधवार को कहा कि गौ-धर्मयुद्ध यात्रा के माध्यम से अक्षौहिणी सेना का गठन किया जाएगा, जिससे गौ-माता की व्यापक स्तर पर रक्षा सुनिश्चित की जा सके। देवरिया से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित रूद्रा रिसॉर्ट में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में जगतगुरु ने कहा कि गौ-रक्षा के लिए चतुर्दिक संगठित प्रयासों की आवश्यकता है और इसी उद्देश्य से यह गविष्ठि यात्रा निकाली जा रही है। इस यात्रा के जरिए आमजन को जागरूक किया जाएगा और उन्हें गौ-रक्षा के अभियान से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह 81 दिवसीय यात्रा तीन मई को गोरखपुर से प्रारंभ हो चुकी है जो प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करेगी और 24 जुलाई को लखनऊ में इसका समापन होगा। यात्रा प्रतिदिन पांच विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी, जहां संवाद और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
