नामांकन, उपस्थिति और शैक्षिक गुणवत्तासुधारने पर जोर
देवरिया।जिलाधिकारी ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक कर शिक्षा व्यवस्था की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों एवं समन्वयकों को विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण तैयार करने तथा शिक्षकों का मनोबल बढ़ाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सकारात्मक सोच और टीम भावना से ही शिक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार संभव है। उन्होंने अधिकारियों से विद्यालयों एवं विभाग के प्रति अपनत्व का भाव रखते हुए कार्य करने की अपील की।
बैठक में छात्र-छात्राओं के नामांकन और नियमित उपस्थिति पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने विद्यालयों में नियमित पेरेंट्स-टीचर मीटिंग आयोजित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे अभिभावकों की सहभागिता बढ़ेगी और बच्चों की पढ़ाई में सुधार आएगा।
उन्होंने शैक्षिक गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप पढ़ाई तथा कायाकल्प योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विद्यालयों को संघर्षशील, मध्यम एवं सक्षम श्रेणी में चिन्हित कर सूची तैयार करने तथा संघर्षशील विद्यालयों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने को कहा।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों के कार्य अनावश्यक रूप से लंबित न रखे जाएं और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए, जिससे उनमें आत्मविश्वास और सम्मान की भावना बढ़े।
बैठक में विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाने के लिए कंपोजिट ग्रांट के समुचित उपयोग पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने ग्रामीण एवं शहरी विद्यालयों का मानकों के अनुरूप वर्गीकरण कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी एवं समन्वयक उपस्थित रहे।
