देवरिया पुलिस ने दो आरोपितों को दबोचा, तमंचा-कारतूस व लूटा गया सामान बरामद
देवरिया।जनपद में झपटमारी की घटनाओं का खुलासा करते हुए थाना रुद्रपुर, गौरीबाजार और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके से दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 11:30 बजे रामपुर चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक केटीएम बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक इलाके से गुजरने वाले हैं। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बैरियर तोड़कर भाग निकले।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो गुरुजघाट पुलिया के पास मोड़ पर बाइक फिसल गई। इसके बाद दोनों बदमाश पुलिया के किनारे पहुंचकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को मौके पर पकड़ लिया गया। घायल बदमाश की पहचान जैनुद्दीन उर्फ गोगा पुत्र सलाउद्दीन निवासी फाजिलनगर, थाना पटहेरवा, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो तमंचा 315 बोर, छह जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, झपटमारी की घटनाओं से संबंधित अंगूठी, हाथ पलानी, छह हजार रुपये नकद और केटीएम मोटरसाइकिल बरामद की है।
पूछताछ में आरोपितों ने बैतालपुर स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास एक महिला से बैग छीनने तथा इजरही क्षेत्र में महिला का पर्स झपटने की घटनाओं को कबूल किया। इन मामलों में थाना गौरीबाजार और कोतवाली में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि कार्रवाई से दोनों थाना क्षेत्रों में दर्ज झपटमारी की घटनाओं का सफल खुलासा हो गया है। संयुक्त पुलिस टीम की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
