पूर्व सैनिकों के सम्मान एवं समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध : डीएम
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक बंधु की आयोजित बैठक में पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं, कल्याणकारी योजनाओं तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि देश की रक्षा के लिए सैनिक अपना सर्वस्व समर्पित कर देते हैं। ऐसे वीर सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं का ध्यान रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए संकल्पित है।
जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों से संवाद करते हुए कहा कि प्रशासन और पूर्व सैनिकों के बीच नियमित संपर्क एवं समन्वय बना रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या अथवा कठिनाई की जानकारी तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसका शीघ्र और प्रभावी समाधान किया जा सके।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्व सैनिकों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए तथा अनावश्यक विलंब न होने पाए। बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों द्वारा विभिन्न समस्याएं और सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र राय, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी डॉ. सुधाकर त्यागी, पूर्व कर्नल ए.पी. पांडेय, सूबेदार मेजर रविंद्र नाथ तिवारी, एस.सी. सिंह, कैप्टन जयराम, डी.के. दीक्षित, रामायण यादव, बी.के. सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
