देवरिया। जनपद के गांवों और आकांक्षी विकासखंडों के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से ‘‘विकसित ग्राम-विकसित देवरिया’’ कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में चयनित विकासखंडों के पर्यवेक्षणीय अधिकारियों को विभिन्न विकास सूचकांकों पर कार्य करने का प्रशिक्षण दिया गया।
जिलाधिकारी ने बरहज, भागलपुर, लार, गौरी बाजार और बनकटा विकासखंडों के लिए तैनात अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास तथा आधारभूत संरचना जैसे प्रमुख क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचकर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा विकास सूचकांकों की संतृप्त करने का निर्देश दिया। प्रशिक्षण में नीति आयोग के डेवलपमेंट पार्टनर माइक्रोसेव कंसल्टिंग टीम के विशेषज्ञों ने कार्यक्रम की रूपरेखा और कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी।
