देवरिया। प्रवक्ता परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने रविवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज तथा राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और अनुशासन के साथ संपन्न कराई जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान सतर्क निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध अथवा अवांछनीय गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थागत तैयारियों का भी परीक्षण किया गया, ताकि परीक्षा पूरी तरह व्यवस्थित एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।
