रक्तदान व स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, पुलिसकर्मियों ने किया उत्साहपूर्वक रक्तदान

Spread the love

देवरिया। पुलिस लाइन में रविवार को रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का संचालन सावित्री हॉस्पिटल द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने रक्तदान को महादान बताते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वेच्छा से रक्तदान करने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है और यह एक सामाजिक जिम्मेदारी भी है।
शिविर में चिकित्सकों की टीम ने पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श और जानकारी प्रदान की। बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से अनेक पुलिसकर्मियों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। आयोजन के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद पाण्डेय सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी तथा सावित्री हॉस्पिटल के चिकित्सक एवं स्टाफ मौजूद रहे।
उधर, जनपदीय पुलिस ने रविवार को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से कार्यालयों, थानों, चौकियों और पुलिस लाइन परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। पुलिसकर्मियों ने श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की, पेड़-पौधों की देखभाल की तथा अभिलेखों और संसाधनों को व्यवस्थित किया। इस दौरान सभी ने स्वच्छ और सुंदर वातावरण बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

Previous post प्रवक्ता परीक्षा के दौरान डीएम-एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *