देवरिया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शनिवार को पुलिस लाइन सहित जिले के सभी थानों और चौकियों में वृहद पौधरोपण किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने पुलिस लाइन परिसर में वामा सारथी फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस परिवार के सदस्यों, महिलाओं और बच्चों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस दौरान उन्होंने बच्चों को चॉकलेट और मिठाइयां भी वितरित कीं।
एसपी ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संरक्षण के साथ भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ जीवन का आधार हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल का आह्वान किया। पौधरोपण के बाद अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस परिवार के सदस्यों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं सिंचाई का सामूहिक संकल्प लिया।
उधर, एसपी के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकी परिसरों में भी छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। पुलिस कर्मियों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संदेश दिया। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी और देखभाल करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर संजय रेड्डी, क्षेत्राधिकारी लाइन गौरव सिंह, प्रतिसार निरीक्षक रामजनम राम सहित पुलिस अधिकारी, वामा सारथी की पदाधिकारी और पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
